फर्रुखाबाद। राजकीय नलकूप विभाग में मुख्यमंत्री से की गई किसानों की शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर दिया गया। अधिशासी अभियंता ने मामले की रिपोर्ट मंडल कार्यालय भेज दी। इस पर अधीक्षण अभियंता ने विभाग के दो सहायक अभियंताओं को चेतावनी पत्र जारी किया है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर की जाने वाली शिकायतों के निस्तारण में जिलाधिकारी की सख्ती के चलते भले ही जनपद अव्वल रहता है, लेकिन इसमें भी जिम्मेदार फर्जीवाड़ा करने से नहीं चूकते हैं। राजकीय नलकूप विभाग का ऐसा ही मामला सामने आया है। मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नलकूपों की हालत खस्ता है।
इससे कई नलकूप बंद पड़े हैं तो कई नलकूपों की पाइप लाइन टूटी होने से किसान अपने खेतों तक पानी नहीं ले जा पा रहे हैं। फसलों की सिंचाई न होने पाने से परेशान किसानों ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई। इस पर विभागीय सहायक अभियंता इमरान अंसारी ने समस्या का हल किए बिना ही शिकायतों का निस्तारण कर दिया।
यही हाल कायमगंज उपखंड का है। यहां भी शिकायतों का फर्जी निस्तारण करने में सहायक अभियंता माहिर हैं। कंपिल क्षेत्र के गांव मानिकपुर में नवनिर्मित राजकीय नलकूप पाइप लाइन बने बिना ही हैंडओवर कर लिया। खेतों में पानी न पहुंचने पर गांव के राहुल पांडेय ने सीएम पोर्टल पर शिकायत की।
समस्या जस की तस बनी है, लेकिन शिकायत का निस्तारण कर दिया गया। यह तो एक उदाहरण भर है। इसी तरह कई शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर दिया गया है। अधिशासी अभियंता ने मामले की रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता इटावा को भेज दी।
इस पर अधीक्षण अभियंता ने सहायक अभियंता इमरान अंसारी व रामकिशोर को चेतावनी पत्र जारी किया। इसमें कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्वक निस्तारण नहीं किया जा रहा है। यदि काम में सुधार न हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।