भाजपा नेता के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद। धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा करने के मामले में एसपी के आदेश पर भाजपा नेता प्रापर्टी डीलर के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में कर्नलगंज चौकी इंचार्ज व सीओ सिटी ने जांच कर रिपोर्ट एसपी के पास भेजी थी।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला दुर्गा कालोनी निवासी पूर्व सैनिक सत्येंद्र सिंह की तहरीर पर एसपी के आदेश पर फतेहगढ़ कोतवाली में जय नारायण वर्मा रोड निवासी भाजपा नेता प्रापर्टी डीलर कुशल परिहार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। इसमें सत्येंद्र ने बताया कि वह वायु सेना में नौकरी करता था।
25 मई 2015 को कुशल ने उसे नेकपुर कला में एक प्लाट का बैनामा किया था। प्लाट में नींव भी भरी ी। जब वह निर्माण कराने के लिए 7 अगस्त 2020 को पहुंचा तो जग्गू यादव ने रोक दिया। इस मामले में डीएम मानवेंद्र सिंह से शिकायत की थी। डीएम के आदेश पर तहसीलदार व एसडीएम ने जांच की।
इसमें पाया कि कुशल परिहार ने फर्जी दस्तावेज से प्लाट का बैनामा कर दिया। डीएम ने रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश भी दिए लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। इस मामले में एसपी ने सीओ सिटी राजवीर सिंह को जांच करने के आदेश दिए थे। इस मामले में कर्नलगंज चौकी इंचार्ज तेजबहादुर सिंह ने भी जांच रिपोर्ट भेजी थी। सीओ ने जांच रिपोर्ट तैयार कर एसपी को दी थी।