ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए शुक्रवार को यहां हुए नामांकन में चार प्रत्याशियों के विरोध में किसी ने पर्चा नहीं भरा है। सपा के चारों प्रत्याशी निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बन गए हैं। हालांकि इस मामले में अधिकारिक तौर पर सात फरवरी को घोषणा की जाएगी। अब कमालगंज, मोहम्मदाबाद और शमसाबाद में ही सात फरवरी को मतदान से ही हार जीत का फैसला होगा।
विकास खंड राजेपुर से अलीगंज के विधायक रामेश्वर सिंह यादव के पुत्र डा. सुबोध यादव ने चार सेटों में नामांकन किया। निर्वाचन अधिकारी भगवत पटेल और सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन यादव के समक्ष एक सेट पर देवेंद्र सिंह प्रस्तावक और प्रीति अनुमोदक रहीं। दूसरे सेट पर प्रस्तावक अशोक कुमार और अंजू राजपूत ने अनुमोदक के रूप में हस्ताक्षर किए। तीसरे सेट पर अमर सिंह अनुमोदक और शिशुपाल प्रस्तावक रहे।
चौथे पर प्रशांत अवस्थी प्रस्तावक और पप्पू अनुमोदक रहे। डा. सुबोध यादव के विरोध में किसी ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया है, जिससे उनका निर्विरोध होना तय हो गया है। नामांकन पत्र दाखिल करते समय सुबोध यादव के साथ जोगेंद्र सिंह यादव, अनिल मिश्रा, चन्नू यादव, जग्गू यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, डा. अनार सिंह, रामप्रकाश उर्फ कल्लू यादव, डा. जितेंद्र सिंह यादव आदि लोग मौजूद रहे।
नबावगंज विकास खंड से डा. जितेंद्र यादव की पत्नी अनीता रंजन के समक्ष भी किसी प्रत्याशी ने नहीं भरा है। अनीता रंजन भी निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बन गईं हैं। नामांकन चार सेटों में दाखिल किया। इस मौके पर प्रदीप यादव टीटू, दंगल सिंह यादव, सरल दुबे, रामसेवक सिंह यादव पूर्व जिलाध्यक्ष सपा, गुरुवचन सिंह ददुआ, राजीव यादव, अनुराग मिश्र, सुरेंद्र सिंह यादव प्रधान कोकापुर, अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।
बढ़पुर विकास खंड में उर्मिला राजपूत उर्फ अल्का ने अपना पर्चा भरा, उनके समक्ष किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, राजकुमार सिंह राठौर, सुलक्षणा सिंह आदि सपा के दिग्गज नेता मौजूद रहे। कायमगंज में गुड्डी यादव पत्नी कल्लू यादव भी र्निविरोध प्रमुख बन गईं है। गुड्डी यादव के समक्ष किसी ने भी चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है।