ब्लाक प्रमुख पद पर सपा नेता रामप्रकाश यादव उर्फ कल्लू यादव की पत्नी गुड्डी यादव का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। इस पद पर गुड्डी यादव के अलावा कोई दूसरा नामांकन नहीं हुआ है। अलीगंज विधायक रामेश्वर सिंह व इनके बेटे सुबोध यादव ने इनका नामांकन पत्र दाखिल कराया। किसी और उम्मीदवार के सामने न आने से समर्थकों ने कल्लू यादव को फूल मालाओं से लाद दिया।
ब्लाक प्रमुख पद के लिए शुक्रवार की दोपहर 12.30 बजे सपा नेता रामप्रकाश यादवू की पत्नी गुड्डी यादव ने समर्थकाें के हुजूम के साथ नामांकन दाखिल किया। गुड्डी यादव ने पहला सेट सपा नेता डा. सुबोध यादव के साथ जमा किया। इस सेट में प्रस्तावक लखनपुर से क्षेत्र पंचायत सदस्य गुड्डी यादव पत्नी बालक राम यादव और अनुमोदक जिजपुरा से क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम देवी पत्नी रवि प्रताप रहीं।
दूसरा सेट अलीगंज विधायक रामेश्वर सिंह यादव और पूर्व जिला पंचायत सदस्य एटा जोगेंद्र सिंह यादव के साथ दाखिल किया। इसमें अताईपुर जदीद के क्षेत्र पंचायत सदस्य रिंकू प्रस्तावक और अनुमोदक झब्बूपुर के बीडीसी अमित रहे। एसडीएम अजीत कुमार सिंह और सीओ प्रकाश कुमार को इन्होंने नामांकन पत्र सौंपा। इस दौरान पूर्व विधायक इजहार आलम खां, विश्वास गुप्ता, दृगपाल सिंह बॉबी, पुष्पेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य एके राठौर, उमेश यादव, रविंद्र सिंह गंगवार, किशन पाल सिंह यादव, सुहेल खां, राजीव गुप्ता, संजय गुप्ता, अमित सेठ, अतुल गुप्ता, सतेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र प्रकाश गुप्ता, आबिद खां, बाबर खां, अमित यादव, अनुपम यादव, रजनेश यादव, आशु यादव, शोभित कौशल आदि मौजूद रहे। कई नेताओं और प्रधानों को पुलिस बल ने विकास खंड परिसर में घुसने से रोक दिया। गुड्डी यादव के नामांकन पत्र जमा कर बाहर निकलते ही कल्लू यादव को समर्थकों ने फूल मालाओं से लाद कर जिंदाबाद के नारे बुलंद किए। समर्थक विजय जुलूस निकालने की तैयारी करने लगे।
इस बीच कल्लू यादव राजेपुर के लिए रवाना हो गए। नामांकन का समय पूरा होने तक किसी अन्य दावेदार के नामांकन दाखिल न करने से गुड्डी यादव का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। एसडीएम अजीत कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी का निर्देश होगा तो शनिवार को नाम वापसी की औपचारिकता पूरी कर जीत का प्रमाणपत्र जारी किया जा सकता है। कल्लू यादव के समर्थकों ने लड्डू बांटेेे और आतिशबाजी चलाकर जीत का जश्न मनाया।