फोटो-1 राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी। स्रोत: कोच
फर्रुखाबाद। जनपद फर्रुखाबाद के चार खिलाड़ियों का चयन मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह खिलाड़ी 2 से 4 अक्तूबर तक होने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसमें 43वीं राष्ट्रीय जूनियर क्योरगी, 16वीं राष्ट्रीय जूनियर पुम्से और 14वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर क्योरगी व पुम्से स्पर्धाएं शामिल हैं।
यह प्रतियोगिता इंदौर स्थित चमेली देवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में होगी। चयनित खिलाड़ी जनपद का नाम रोशन करने के लिए इंदौर रवाना हो चुके हैं। सब-जूनियर वर्ग में रिद्धिमा वर्मा अंडर-26 किग्रा भार वर्ग में खेलेंगी। वह डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर से हैं। साहिल कुमार अंडर-44 किग्रा भार वर्ग में पैंथर ताइक्वांडो एकेडमी, याकूतगंज का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दिव्यांशी अंडर-38 किग्रा भार वर्ग में डिवाइन लाइट स्कूल से भाग लेंगी। जूनियर वर्ग में स्वाति राजपूत का चयन हुआ है। वह अंडर-44 किग्रा भार वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ से हैं। खिलाड़ियों के चयन पर जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रिया साध और सचिव अजय प्रताप सिंह ने ने खिलाड़ियों को बधाई दी। कोषाध्यक्ष अविनेंद्र कुमार ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव कुमार और ताइक्वांडो प्रशिक्षक सुशांत गुप्ता भी मौजूद थे।