फर्रुखाबाद। बैंक प्रबंधक सहित चार कर्मचारियों ने किसान के खाते से धोखाधड़ी कर कई बार में हजारों रुपये निकाल लिए। सुनवाई नहीं होने पर किसान ने कोर्ट में अर्जी दायर की है।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव मूसेपुर निवासी किसान नेकसे ने सीजेएम कोर्ट में कायमगंज की बैंक ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक, तीन कर्मचारियों के खिलाफ अर्जी दायर की। इसमें बताया कि बैंक में खाता खुलवाया था। 6 मई 2014 को खाते में 23 हजार रुपये जमा थे। शाखा प्रबंधक ने कर्मचारियों से मिली भगत कर रुपये निकाल लिए। 8 अप्रैल 2015 को खाते में गन्ना भुगतान के 13 हजार रुपये आए। 22 दिसंबर 2016 को खाते में कालोनी के नाम 1.20 लाख रुपये आए। कई बार में ये रुपये निकाल लिए गए।
खाते की जांच करने पर पता चला कि उसके खाते में एक भी रुपया नहीं है। संपर्क करने पर प्रबंधक ने पास बुक फाड़ दी। धमकी देकर भगा दिया। इस मामले में कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट ने कायमगंज कोतवाल से आख्या मांगी है। (संवाद)