मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव टिलियां के पास बुधवार सुबह एक कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल सवार दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। वहीं सड़क पर गिरे बाइक सवारो को बचाने में एक ट्रैक्टर भी पलट गया।
थाना नवाबगंज के गांव अटरुईया निवासी विक्रम, पत्नी वंदना और पुत्र आर्यन के साथ मंगलवार को थाना क्षेत्र के गांव अहिमलापुर ससुराल आया था। बुधवार को चाची सोनी के साथ बेटे आर्यन की दवा लेने बाइक से छिबरामऊ जा रहा था। विक्रम बाइक चला रहा था। टिलियां गांव के पास सामने से आ रही कार ने बाइक में कट मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
कार चालक मौके से कार लेकर भाग गया। उसी समय पीछे से आलू लादकर आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार लोगों को बचाने का प्रयास किया, तो वह भी खंती में पलट गया। चीख सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने बाइक सवार घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बाइक चालक विक्रम हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टर ने उसे लोहिया रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि बाइक सवार घायल अज्ञात कार से टक्कर की बात कह रहे हैं। जिसकी जांच कराई जा रही है।