जटपुरा में पौधे लगवाने गए रेंजर से भिड़े पूर्व प्रधान
शमसाबाद। गांव जटपुरा में चिह्नित 1600 बीघा जमीन पर पौधे लगवाने गए वन विभाग के रेंजर व कर्मचारियों से पूर्व प्रधान व ग्रामीण भिड़ गए। दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। पूर्व प्रधान ने चिह्नित भूमि में चार सौ बीघा पैतृक भूमि होने का दावा किया। इस पर रेंजर ने पौधे लगवाने का काम बंद करवाकर पूर्व प्रधान को दो दिन के अंदर राजस्व टीम को बुलाकर अपनी जमीन की नाप करवाने का समय दे दिया।
जटपुरा में वन विभाग के अधिकारियों ने पौधे लगवाने के लिए 1600 बीघा जमीन चिह्नित की है। दो दिन पहले इस पर पौधे लगवाने का काम भी शुरू कर दिया गया। शुक्रवार को वन विभाग के रेंजर यतेंद्रभान सिंह कर्मचारियों को लेकर पौधे लगवाने पहुंचे। तभी गांव के पूर्व प्रधान अवनींद्र यादव व ग्रामीण सतीश, राकेश, प्रदीप, कृष्ण कुुमार समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने पौधे लगाने का विरोध किया।
पूर्व प्रधान अवनींद्र यादव ने बताया कि चिह्नित भूमि में से 400 बीघा उनकी पैतृक जमीन है। इस पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई। रेंजर ने पूर्व प्रधान व गांव के लोगों को शांत कर काम बंद करवा दिया। उन्होंने पूर्व प्रधान को दो दिन का समय देते हुए कहा कि इस बीच में राजस्व टीम को बुलाकर अपनी जमीन की नाप जोख करवा लें। इसके बाद कोई सुनवाई नहीं होगी और विरोध करने पर कार्रवाई की जाएगी।