फर्रुखाबाद। पुलिस पूरे मामले में बहुत ही गंभीरता से जांच करने में जुटी है। कहीं कोई चूक न हो जाए। इसके लिए स्थानीय फॉरेंसिक टीम के अलावा कन्नौज से भी फॉरेंसिक टीम को बुला लिया गया। वहीं बम निरोधक दस्ता को कानपुर से बुलाया गया है।
मामला सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह से जुड़ा होने की वजह से पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है। जांच में किसी तरह की लापरवाही का आरोप न लगे इसके लिए हर तरह के साक्ष्य को एकत्र करने में देर रात तक जुटी रही। स्थानीय फॉरेंसिक टीम के अलावा कन्नौज की टीम को बुलाया गया। इसके अलावा अंदर कोई और विस्फोटक न हो इसके चलते कानपुर से बम निरोधक दस्ते को भी बुला लिया गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर बुला ली गई थीं। डीएसओ सुरेंद्र यादव भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय ने भी पहुंच कर जायजा लिया। तहसीलदार ने स्थित देखकर अपनी रिपोर्ट तैयार की।
डीजीपी व मुख्यमंत्री को दी गई जानकारी
पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पूरे मामले को लेकर गंभीरता से जांच करने में लगे हैं। इसे चलते ही पूरे घटनाक्रम से डीजीपी व मुख्यमंत्री जानकारी दे दी गई है। वहां से अधिकारियों को सही से जांच करने निर्देश भी दिए गए हैं।
आईसीयू तक पहुंची भीड़, तैनात की गई पुलिस
घटना के बाद भीड़ घायलों को देखने के लिए साहबगंज स्थित नर्सिंगहोम पहुंच गई। वहां आईसीयू भर्ती घायलों को देखने लोग घुस गए। इससे अस्पताल में अफरा तफरी की मच गई। कर्मचारी लोगों को बाहर जाने के लिए कहते रहे। पर कोई सुनने को तैयार नहीं था। इस बीच वहां पुलिस पहुंच गई। उसने लोगों बाहर निकाला और बाद में किसी को अंदर नहीं जाने दिया।