कायमगंज। प्रधान और सदस्य पद की दावेदारी के लिए जमानत राशि जमा करने के लिए दावेदारों की लंबी कतारें स्टेट बैंक के बाहर जमा हो गईं। बैंक में भीड़ को देखते हुए निर्वाचन अधिकारी ने रसीद संख्या 385 के माध्यम से ब्लाक मेें ही जमानत राशि जमा कराने की व्यवस्था की। इसके बाद नामांकन दाखिल कराए गए।
प्रधान और सदस्य पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले बैंक में चालान जमा करने के लिए सुबह सात बजे ही कतार में लग गए थे। सुबह 10 बजे बैंक खुलने से पहले ही सैकड़ाें की भीड़ कतार में खड़ी थी। लंबी कतारोें में लगे लोगों की भीड़ को देखकर बैंक कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। बैंक में धीमी गति से काम होने के कारण नामांकन प्रक्रिया में भी शिथिलता आ गई।
दोपहर एक बजे तक इक्का दुक्का लोग ही नामांकन दाखिल कर सके। निर्वाचन अधिकारी एके सिंह ने कार्यालय में ही रसीद संखया 385 के माध्यम से जमानत राशि जमा कराने का प्रावधान शुरू किया। ब्लाक में जमानत राशि जमा हो जाने पर दावेदारों ने राहत की सांस ली।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन दावेदारों के साथ आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोतवाल रूम सिंह यादव ने ब्लाक कार्यालय के बाहर बैरियर लगाकर एक दावेदार और उसके प्रस्तावक को ही अंदर आने दिया। कार्यालय के मुख्य द्वार पर तैनात पुलिस बल ने दावेदारों की तलाशी लेकर ही उन्हें अंदर आने की इजाजत दी। दावेदारों के साथ आए लोगों को कार्यालय से काफी दूर ही रोक दिया गया।