फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला श्यामनगर में विद्युत उपकेंद्र के पास कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने के लिए रविवार की रात तोड़फोड़ कर दी गई। इसकी जानकारी मिलने पर मुसलमानों ने हंगामा किया। विवाद होने की आशंका पर सीओ सिटी और कोतवाल मौके पर पहुंचे। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
श्यामनगर मोहल्ले में विद्युत उपकेंद्र के पास कब्रिस्तान है। यहां चार महीने पूर्व कब्जे को लेकर विवाद हो चुका है। रविवार की रात दोबारा कब्जा करने के लिए कब्रिस्तान का कुछ हिस्सा तोड़ दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर सोमवार को बूरावाली गली निवासी मोहम्मद हुसैन रिजवी, सलीम, नावेद अलवी ने शहर कोतवाली में प्रार्थनापत्र देकर शिकायत की।
इसमें कहा गया कि कब्रिस्तान की जगह पर कब्जा करने की नीयत से जमीन की खुदाई की गई है। चार महीने पूर्व भी एक ठेकेदार ने कब्जा करने की नीयत से तोड़फोड़ की थी। इसकी शिकायत करने के बाद कार्रवाई नहीं हुई। इस पर लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। विवाद होने की आशंका पर सीओ सिटी योगेश कुमार, कोतवाल शिवमोहन पुलिस बल के साथ कब्रिस्तान पहुंचे।
इन्होंने पड़ोसी कारखाना मालिक से पूछताछ की। कारखाना मालिक ने बताया कि रात के समय कुछ लोग आए थे। उन्होंने जमीन खोदने के लिए तोड़फोड़ की थी। मोहम्मद हुसैन रिजवी ने हैवतपुर गढ़िया निवासी चमन नामक युवक व आठ दस अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।