अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। डीसीएम की टक्कर से थाने के फॉलोवर की मौत हो गई। पुलिस ने पीछा कर डीसीएम चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव लीलापुर निवासी महेश चंद्र (40) थाने में संविदा पर फाॅलोवर के पद पर तैनात थे। शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे महेशचंद्र भोजन बनाने के लिए बाजार से सब्जी लेकर थाने लौट रहे थे। हरसिंहपुर गहलवार चौराहा पर तेज रफ्तार डीसीएम ने फॉलोवर की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक डीसीएम लेकर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर गांव गूजरपुर के पास डीसीएम रोक चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने डीसीएम कब्जे में ले ली। घायल महेशचंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान महेशचंद्र की मौत हो गई। मृतक की पत्नी मालती देवी, मां सोमवती, पुत्र शिवशंकर (8), पुत्री वैष्णवी (6) व पल्लवी (3) का रो-रोकर बुरा हाल है।
महेश चंद्र पांच साल से थाने में संविदा पर फाॅलोवर पद पर तैनात थे और भोजन बनाते थे। थाना प्रभारी मोनू शाक्या ने बताया कि स्टाफ के सहयोग से मृतक की पत्नी को आर्थिक सहायता दी गई है। उसे फॉलोवर के पद पर नौकरी भी दिए जाने की सिफारिश करूंगी। (संवाद)