फर्रुखाबाद। बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) लगे दो ट्रकों को जांच टीम ने गुरुवार को पकड़ लिया। खनन पोर्टल पर पंजीकरण न मिलने पर दोनों को सीज कर दिया गया। वहीं कर बकाया होने पर तीन अन्य ट्रकों को भी सीज किया गया।
एआरटीओ सुभाष राजपूत और खनन अधिकारी संजय प्रताप की संयुक्त टीम ने खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान एचएसआरपी के बिना चल रहे दो ट्रक सीज किए गए। दोनों पर 35,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जांच करने पर पाया गया कि इन वाहनों का पंजीकरण खनन विभाग के पोर्टल पर भी नहीं है।
वहीं तीन अन्य ट्रकों को भी कर बकाया होने पर पकड़कर सीज कर दिया गया। तीनों ट्रकों पर 32 हजार रुपये का जुर्माना और 35 हजार रुपये का टैक्स लगाया गया।
एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की ओर से उपखनिजों का परिवहन करने वाले सभी वाहनों का पंजीकरण विभागीय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए हैं। वाहनों का पंजीकरण होने से उनमें लगे वीटीएस के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की जा जाएगी।