फर्रुखाबाद। अभियान के तहत अधिकारियों ने बेसन, घी, खोया, पनीर के नमूने लिए। कोल्ड स्टोरेज में पहुंचकर आलू भंडारण की भी जांच की।
सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से दुकानों में छापे डाले गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के पर्यवेक्षण में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह, संजय कुमार सिंह, विनोद कुमार, बृज मोहन गुप्ता और अरुण कुमार मिश्र की टीम ने पांच नमूने लिए।
टीम ने रेलवे रोड स्थित मोहित रस्तोगी के प्रतिष्ठान से बेसन, ग्राम अमेठी जदीद के चौधरी डिस्ट्रीब्यूशन से बेसन व घी, चिलसरा रोड, ढुईयां के भैयालाल के प्रतिष्ठान से खोया, पल्ला तालाब स्थित राहुल राजपूत के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना लिया।
वहीं पुराने आलू को कृत्रिम रूप से नया आलू बनाकर बेचने की शिकायत पर कृष्णा देवी, सावित्री, एमडी, श्री शारदा, श्री बांके बिहारी, आरएस और श्याम कोल्ड स्टोरेज की जांच की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान ने बताया कि जांच के दौरान कहीं भी पुराना आलू नया बनाकर बिक्री होता नहीं मिला। बताया कि मिलावटखोरी को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।