फर्रुखाबाद। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में 17 अक्तूबर को हुई अंतर विश्वविद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के पांच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके आधार पर पांचों खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
चयनित खिलाड़ियों में श्री बाबू सिंह डिग्री कॉलेज नवाबगंज की दीपांजलि ने अंडर-62 किलोग्राम, मुस्कान राजपूत ने अंडर-73 किलोग्राम और सागर दिवाकर ने अंडर-63 किलोग्राम भार वर्ग में जगह बनाई। नारायण लक्ष्मण महाविद्यालय बसंतनगर की रोहिणी कुमारी का अंडर-57 किलोग्राम और श्री रविनाथ सिंह डिग्री कॉलेज मलिकपुर के अर्जुन सिंह का अंडर-68 किलोग्राम भार वर्ग में चयन हुआ है।
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी ताइक्वांडो प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के मुकाबले एक से पांच दिसंबर तक राजस्थान के जयपुर स्थित विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी में होंगे। वहीं, महिला वर्ग की प्रतियोगिता 21 से 24 दिसंबर तक ग्रेटर नोएडा की शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित की जाएगी।
जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रिया साध, कोच एवं सचिव अजय प्रताप सिंह और कोषाध्यक्ष अविनेंद्र कुमार सहित खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और महाविद्यालय परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी।