फोटो-2 पुलिस गिरफ्त में मुड़गांव के प्रधान रामनारायन व अन्य आरोपी। स्रोत: पुलिस
फर्रुखाबाद। गांव निसाई की प्रधान गीता देवी के पति सत्येंद्र सिंह व उनके पुत्रों पर जानलेवा हमले के आरोपी मुड़गांव के प्रधान रामनारायण सहित पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया। वहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस, डंडे व कार बरामद किए हैं। लेकिन पुलिस अभी तक वायरल वीडियो में फायरिंग करते नजर आ रहे युवक तक नहीं पहुंच सकी है।
रामनारायण अपने साथियों के साथ सोमवार को मुड़गांव की सरकारी जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे। इसकी जानकारी पर सत्येंद्र सिंह कार से विरोध करने पहुंचे थे। तभी उन पर ईंट-पत्थर, डंडों, असलहों व बम से हमला कर दिया गया था। सत्येंद्र सिंह, उनके बेटे अमन, अभय सहित सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने प्रधान गीता देवी की तहरीर पर रामनारायण, मनीष, हितेश, गोल्डी व धीरेंद्र उर्फ गुड्डा व 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने नाटकीय ढंग से उसी रात को रामनारायण, मनीष के अलावा गांव के अजीत, रामनरेश व शिवनरेश को पकड़ लिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से रिवाल्वर, चार खोखे व 4 कारतूस के अलावा डंडे व लोहे का पाइप बरामद किया गया है।
घायल अस्पताल से घर पहुंचे, दोनों गांव में पुलिस तैनात
मोहम्मदाबाद। हमले में घायल हुए प्रधान के पति सत्येंद्र सिंह, उनके पुत्र अभय व अमन के अलावा गांव रतनपुर निवासी राहुल सहित सभी की हालत में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। इससे वह अपने-अपने घर पहुंच गए हैं। पुलिस अभी भी सतर्कता बरत रही है। इसके चलते सत्येंद्र सिंह के साथ मुड़गांव के प्रधान रामनारायण के घर फोर्स तैनात है।