किसान के घर से पांच लाख की चोरी
मोहम्मदाबाद। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थम नहीं रहीं हैं। मंगलवार रात को चोरों ने एक किसान के घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे के ताले तोड़कर पांच लाख रुपये के जेवरात व नगदी पार कर दी। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंच कर छानबीन की।
गांव नगला बीच निवासी किसान रणवीर सिंह के दो बेटे मुनेंद्र और अवनेंद्र हैं। दोनों बाहर रहकर नौकरी करते हैं। रणवीर अपनी पत्नी रमा देवी व साले के बेटे अंकित के साथ गांव में रहते हैं। मंगलवार रात को सभी लोग नीचे बने कमरे में सो गए। ऊपर के कमरों में ताले पड़े थे। देर रात चोर पीछे से किसी तरह छत पर पहुंच गए। उन्होंने कमरों के ताले ताले तोड़ दिए।
वहां रखी अलमारी और बक्सों के भी ताले तोड़कर 40 हजार रुपये, दो सोने की चेन, एक हार, तीन जोड़ी पायलें, एक करधनी, झुमकी, तोड़ियां, कुंडल व ब्रजबाला आदि जेवर चुरा ले गए। सुबह रणवीर सिंह जागे तब और ऊपर गए तो कमरों के ताले टूटे व सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने पुलिस को चोरी की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। उन्होंने बताया कि चोर करीब पांच लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए हैं।
दो माह पूर्व हुई सात चोरी की घटनाएं नहीं खुलीं
गांव नगला बीच मदनपुर चौकी क्षेत्र में आता है। इस चौकी क्षेत्र में दो माह पूर्व एक ही रात में सात स्थानों पर चोरी की घटनाएं हुईं थीं। अब तक पुलिस एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। इस बीच और चोरियां भी हो चुकी हैं।