फर्रुखाबाद। जनपद में आए प्रवासियों से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 31 मई को नोएडा से लौटे दो परिवारों का एक जून को नमूना लिया गया। गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में दंपति सहित तीन प्रवासी कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं बुधवार को कोरोना संक्रमित गाजियाबाद से लौटे प्रवासी की पत्नी भी जांच में कोरोना पॉजिटिव निकली। इनके अलावा कमालगंज निवासी एक मौरंग-गिट्टी व्यापारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इससे जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 45 पहुंच गई।
नोएडा से 31 मई को रोडवेज बस से आए 14 प्रवासी मजदूरों को कृषि महाविद्यालय में क्वारंटीन किया गया था। एक जून को इनकी कोरोना जांच के लिए नमूने लिए गए। गुरुवार को आयी जांच रिपोर्ट में कमालगंज ब्लाक क्षेत्र के ही निवासी पिता-पुत्र सहित तीन लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें गांव बेहटा निवासी युवक (37) पत्नी व दो बच्चों के साथ क्वारंटीन था। जांच में युवक कोरोना संक्रमित मिला। वह चप्पल बनाने की कंपनी में काम करता था। जबकि जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव पतौंजाकोठी निवासी ग्रामीण नोएडा से आकर पत्नी, पुत्री, बेटा व उसकी पत्नी, दो बच्चों सहित क्वारंटीन हुए थे। इनमें ग्रामीण व उसका बेटा कोरोना पॉजिटिव निकला।
इसके अलावा राजेपुर क्षेत्र के गांव कमालुद्दीनपुर निवासी 25 मई को गाजियाबाद से लौटा था। उसका एक जून को नमूना लिया गया। बुधवार को युवक के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद पत्नी को मिशन अस्पताल फैसिलिटी सेंटर में क्वारंटीन कर नमूना लिया गया। गुरुवार को आयी जांच रिपोर्ट में वह भी कोरोना पॉजिटिव निकली। सभी मरीजों को एल-1 अस्पताल सीएचसी बरौन में भर्ती कराया गया है।
उधर, कमालगंज क्षेत्र के गांव गगनी निवासी 58 वर्षीय मौरंग-गिट्टी व्यापारी की खुदागंज में दुकान है। कुछ दिनों से उनकी तबियत खराब चल रही थी। 31 मई को उन्हें शहर के आवास विकास तिराहे स्थित सिटी हास्पिटल में भर्ती कराया गया। तीन दिन इलाज के बावजूद हालत गंभीर होने पर उन्हें दो जून को कानपुर रेफर कर दिया। वहां हुई जांच में गुरुवार को रिपोर्ट आने पर व्यापारी के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इससे हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचकर मरीजों को भर्ती करने पर रोक लगा दी। वहीं पूरे मामले की जांच कमेटी को सौंपी गई है।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में यदि आइसोलेशन वार्ड है तो केवल वार्ड की 24 घंटे के लिए सेवाएं बंद की जाएंगी। यदि आइसोलेशन वार्ड नहीं है तो पूरा अस्पताल 24 घंटे के लिए बंद कराया जाएगा। अस्पताल की स्थिति की जांच के लिए कमेटी को निर्देश दे दिए हैं। फिलहाल कोरोना पॉजिटिव मरीज कानपुर स्थित हैलट अस्पताल में भर्ती है। उनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित कराकर उनकी कोरोना जांच कराई जाएगी।
आंकड़ों के मुताबिक, जनपद में अब तक 44 प्रवासी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। एक महिला कांटेक्ट मरीज है। कुल 45 कोरोना संक्रमित मरीजों में 21 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके, जबकि 24 केस एक्टिव हैं।