फर्रुखाबाद। परिषदीय विद्यालयों का प्रेरणा एप से ऑनलाइन निरीक्षण होने की राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय लखनऊ से रैंक सूची जारी की गई है। यूपी के 75 जिलों में कानपुर देहात को तीसरा स्थान और फर्रुखाबाद को 12 वां स्थान मिला है, लेकिन मंडल स्तर पर कानपुर देहात पहले और फर्रुखाबाद दूसरे पायदान पर है।
परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी बीएसए, बीईओ, जिले व ब्लाक स्तर पर गठित टॉस्क फोर्स, समग्र शिक्षा में तैनात जिला समन्वयक, एआरपी, संकुल शिक्षकों को दी गई है।
सभी को प्रेरणा एप पर निरीक्षण आख्या डालने के आदेश हैं। एप से निरीक्षण आख्या सीधे प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड हो जाती है। प्रत्येक अधिकारी को हर माह विद्यालयों का निरीक्षण करना है, इसका भी अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित है।
15 दिसंबर तक ब्लाक स्तर के अधिकारियों ने प्रेरणा एप से जो निरीक्षण किए हैं। उसकी राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय से रैंक जारी की गई है। इसमें यूपी के 75 जिलों में कानपुर देहात को 53 प्रतिशत अंक मिलने से वह प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा है।
41 प्रतिशत अंक लेकर फर्रुखाबाद 12वें, 31 प्रतिशत अंक लेकर इटावा 52वें, 30 प्रतिशत अंक लेकर कानपुर नगर को 56वें, 29 प्रतिशत अंक लेकर कन्नौज 66वें और 29 प्रतिशत अंक लेकर औरैया 68वें स्थान पर रहा है।