टच फ्री हैंडवाश स्टेशन को देखते सीडीओ डॉ. राजेंद्र पैंसिया।
- फोटो : FARRUKHABAD
पहले हैंडवाश, फिर मास्क लगाकर गांव में करें प्रवेश
शमसाबाद। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को महामारी बचाओ समन्वय समिति की ओर से गांव समसपुर भिखारी में टच फ्री कॉस्ट फ्री हैंडवाश स्टेशन का शुभारंभ किया गया। इससे गांव में प्रवेश से पहले लोग हाथ धोएंगे। फिर मास्क लगाकर गांव में प्रवेश करेंगे।
ग्राम पंचायत समसपुर भिखारी में महामारी बचाओ समन्वय समिति, कोरोना वारियर्स, निगरानी समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.राजेंद्र पैंसिया ने ‘टच फ्री कॉस्ट फ्री हैंड वॉश स्टेशन’ का शुभारंभ कर मास्क वितरित किए। उन्होंने समन्वय समिति के सदस्यों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हाइजीन बैंक में साबुन व सैनिटाइजर डालकर लोगों को हैंड वॉशिंग व सोशल डिस्टेंसिंग का संदेश दिया। निगरानी समिति ने घर-घर टच फ्री हैंडवाश स्टेशन बनवाया। प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र राठौर की पुत्री प्रियंका राठौर ने चित्र बनाकर सीडीओ को भेंट किया। इसके बाद सीडीओ ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय रोशनाबाद का निरीक्षण किया।
गेट पर खोखा रखा देख मालिक को बुलाकर हटाने के निर्देश दिए। ग्रामीण ने खोखा हटाने से मना कर दिया तो बात बढ़ गई। इस पर सीडीओ ने पुलिस बुलाकर पिता-पुत्र को सौंप दिया। इसके साथ ही प्रधान राजेश चतुर्वेदी व बीडीओ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
खेल मैदान के सामने पड़ी भूमि पर बरातघर का सुंदरीकरण कराकर बाउंड्रीवाल बनवाने को कहा। वही प्रभारी बीडीओ व पीडी राजमणि को बाहर से आये प्रवासी मजदूरों के मनरेगा जॉबकार्ड बनवाने के निर्देश दिए।