जिले के सरकारी अस्पतालों में 11 डॉक्टरों की तैनाती
फर्रुखाबाद। जनपद के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी है। अब 11 डॉक्टरों की तैनाती से मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को दो डाक्टरों ने अपना योगदान कराया। इनमें महिला डॉक्टर को सीएचसी फतेहगढ़, जबकि दूसरे डॉक्टर की पीएचसी जरारी में तैनाती की गई है।
जिले में सीएमओ सहित डॉक्टरों के कुल 130 पद हैं। इसके सापेक्ष मात्र 36 की ही तैनाती थी। इसमें सीएमओ, एसीएमओ व डिप्टी सीएमओ चिकित्सा सेवाएं दे ही नहीं पा रहे हैं। इससे 25 प्रतिशत डॉक्टरों के भरोसे ही जिले की सेहत है। कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एमबीबीएस डॉक्टर नहीं हैं। अब जिले को 11 नए डॉक्टर मिल गए हैं।
बुधवार को झांसी से आईं डा.गुजन वर्मा की सीएचसी फतेहगढ़ व कानपुर के डा.अनुनय कुटार की पीएचसी जरारी में तैनाती की गई है। डॉ.मो.अलीम अंसारी को पीएचसी गदनपुर तुर्रा में तैनात किया गया है, हालांकि अभी इन्होंने योगदान नहीं दिया।
इससे पूर्व लॉकडाउन के दौरान ही डॉॅ.संध्या वर्मा को सीएचसी फतेहगढ़, डॉ.जितेंद्र यादव व डॉ.गौरव यादव को मोहम्मदाबाद, डॉ.विपिन सिंह को कायमगंज के अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉ.सोनी कठेरिया को पिपरगांव, डॉ.सतेंद्र सिंह को सिरौली, डॉ.अभिषेक कुमार को अमृतपुर व डॉ.शिवानी चंद्रा को पीएचसी जिठौली में तैनाती दी गई है। जनपद में अब 47 डॉक्टर हो गए हैं। इसके बावजूद अभी 83 डाक्टरों के पद रिक्त चल रहे हैं।