कमालगंज। मक्का चोरी करने का आरोप लगाने पर गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। रात में दोबारा हुए झगड़े में दो राउंड फायरिंग भी की गई। जानकारी पर यूपी 112 पुलिस व इंस्पेक्टर टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव पूरनपुर निवासी रूप सिंह के पुत्र पुष्पेंद्र पर शुक्रवार दोपहर पड़ोसी अंशु ने मक्का चुराने का आरोप लगा गाली-गलौज कर दी थी। विवाद होने पर आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कर मामला रफा-दफा कर दिया था। इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे मदनपाल व रूप सिंह के बीच की गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस ने अंशु के चाचा मदनपाल, नरेश, दूसरे पक्ष से रूप सिंह व सतेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। रूप सिंह की पत्नी विनीता ने थाने पहुंच तहरीर दी। आरोप लगाया कि गाली-गलौज के साथ ही फायरिंग भी की गई है।
शनिवार को दोनों पक्षों के लोग समझौते के प्रयास में लगे रहे। दोपहर को पुलिस ने चारों का शांतिभंग में चालान कर दिया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि फायरिंग का आरोप गलत है। मारपीट के मामले में चार लोगों का चालान किया गया।