जहानगंज थाने में मारपीट की शिकायत करने से गुस्साए दबंगों ने शनिवार शाम को ग्रामीण के घर पर पथराव कर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पथराव में ग्रामीण और उसका भाई घायल हो गया। सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। फायरिंग का एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
थाना क्षेत्र के गांव झसी निवासी श्रवण तिवारी के खेत में मक्का की फसल है। शनिवार सुबह गांव के ही दबंग युवक ने अपना ट्रैक्टर श्रवण के खेत से निकाला, जिससे फसल खराब हो गई। विरोध करने पर दबंग व उसके पिता ने श्रवण व उसके भाई रानू को मारपीट कर घायल कर दिया। श्रवण ने थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने दोनों भाइयों का मेडिकल कराया। थाने में शिकायत से नाराज दबंग व उसके परिवार के 12 से अधिक लोग शाम को श्रवण के दरवाजे पर जा पहुंचे। गालीगलौज कर इन लोगों ने पथराव कर दिया। आसपास के लोग एकत्रित हुए, तो इन लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की।
घटना की जानकारी मिलते ही एसओ पूनम जादौन, कमालगंज थाने के कई चौकी इंचार्ज, यूपी 112 की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही फायरिंग करने वाले वहां से भाग गए। घटनास्थल पर देर रात पहुंचे सीओ सोहराब आलम ने बताया कि छानबीन के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।