झोपड़ी में लगी आग को देखते मोहल्लेवासी।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। मोहल्ला ग्वालटोली में शुक्रवार को शॉर्ट सर्किट से लगी आग से गृहस्थी राख हो गई। मोहल्ले वालों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। आग बुझाने में एक महिला का हाथ भी झुलस गया।
फतेहगढ़ के मोहल्ला ग्वालटोली टिलियां निवासी दयाराम जाटव की बेवा शांती अपनी पुत्री कुसुम के साथ झोपड़ी में रहती है। शुक्रवार को दोपहर में शॉर्ट सर्किट से बिजली की केबल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया।
छप्पर में लगी आग तेजी से झोपड़ी के अंदर पहुंच गई। आग लगी देख शांती देवी शोर मचाते हुए बाहर की ओर दौड़ी।
शोरशराबा सुनकर आसपास रहने वाले रघुवीर, रिंकू गौतम, कैलाश, कश्मीर, मुकेश, राम किशोर और श्रीकृष्ण गौतम आदि लोग मदद के लिए दौड़े।
लोगों ने हैंडपंप व सबमसर्बिल चलाकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक झोपड़ी में रखी नगदी व गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। शांती ने बताया कि वह लोगों के घरों में बर्तन साफ कर अपना गुजर बसर करती है।
बताया कि आंख के ऑपरेशन कराने के लिए 20 हजार रुपये जोड़कर रखे थे। वह भी आग में जल गए। आग बुझाने के दौरान मोहल्ले के गयादीन की पत्नी नीतू का हाथ झुलस गया। वहां बंधी एक बकरी भी झुलस गई।