फर्रुखाबाद। बिजली का उपयोग न करने के बावजूद विभाग ने जनैया सठैया निवासी एक ग्रामीण को वसूली नोटिस भेज दिया। अब पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
थाना मऊदरवाजा के गांव जनैया सठैया निवासी पंकज कुमार ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड दक्षिणांचल, अवर अभियंता कैलाश पाठक और अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई। कहा कि 10 जुलाई 2024 को श्रीकृष्ण वर्मा की दुकान किराये पर ली थी। दुकान में वह छोटा सोलर सिस्टम लगाकर आजीविका चलाता है। दुकान मालिक का बिजली कनेक्शन अलग है।
कुछ माह पहले अवर अभियंता कैलाश चंद्र पाठक व अन्य अधिकारियों ने दुकान का निरीक्षण किया। सोलर सिस्टम होने के बावजूद झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी देकर अवैध रूप से 20 हजार रुपये मांगे। रुपये देने से इन्कार करने पर 27 फरवरी 2025 को 1,73, 984 रुपये का वसूली नोटिस जारी कर दिया। उस पर अधिशासी अभियंता के हस्ताक्षर हैं।