नवाबगंज। सावन के अंतिम सोमवार को जलाभिषेक करने गईं एक सैनिक की पत्नी की चेन तोड़ने के मामले में पुलिस ने पुठरी मंदिर के महंत समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के दौरान का सीसीटीवी फुटेज गायब होने पर शक गहरा गया था।
थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मन्न निवासी राधेश्याम यादव सेना में तैनात हैं। उनकी पत्नी मौसमी यादव 24 अगस्त को सावन के अंतिम सोमवार के दिन पुठरी मंदिर पर सुबह 10:30 बजे जल चढ़ाने गईं तभी उनके गले से 16 ग्राम की सोने की चेन धक्का देकर तोड़ ली गई थी। घटना के समय प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने गर्भगृह बंद करने के बाद कई लोगों की तलाशी करवाई थी।
एसओजी टीम एवं एएसपी ने भी जांच की थी, मगर सफलता नहीं मिली। मौसमी की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो जम्मू कश्मीर बॉर्डर पर तैनात उनके पति राधेश्याम यादव ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। पत्नी मौसमी एसपी के समक्ष पेश हुईं। मौसमी ने बताया कि पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक घंटा की रिकॉर्डिंग मंदिर में जाने के पहले और आने के बाद तक की गायब थी। इसी के चलते उनका महंत पर शक गहरा गया।
मौसमी ने महंत सुरेश भारती, उसके पुत्र शिवम, महंत के भाई विनोद भारती एवं देवेंद्र भारती निवासी गढ़ पुठरी के खिलाफ रविवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज करवा दी। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि जांच बबना चौकी प्रभारी अभिलाख सिंह करेंगे।