कमालगंज। मक्का के खेत में युवक का शव पड़ा मिलने के मामले में भाई ने चार लोगों पर ताड़ी व शराब पिलाने के बाद मारपीट करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसके मुताबिक छह दिन पूर्व युवक को मूंगफली खुदवाने की बात कहकर घर ले जाकर मक्का के खेत में वारदात की गई।
थाना क्षेत्र के भूलनपुर निवासी संतोष कुमार ने गांव के विमलेश कुमार, शिव नारायण उर्फ गठिया, कृष्ण कुमार उर्फ केके, अनुज कुमार व देवेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया कि 18 जून की सुबह करीब 7:30 बजे उसका भाई प्रवेश कुमार (28) घर पर था, तभी उक्त लोग आए और मूंगफली खुदवाने की बात कहकर प्रवेश की बाइक पर बैठ कर चले गए।
भाई की जेब में बेचे गए मक्का के तीन हजार रुपये भी रखे थे। यह लोग ताड़ के पेड़ों के पास पहुंचे और वहां बैठ कर ताड़ी पी। इसके बाद सभी शराब की दुकान से पौआ लेकर खेत की तरफ पहुंचे। वहां बैठ कर शराब पी। नशे में सभी ने मिलकर प्रवेश के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। भाई की बाइक को किसी तरह उसके घर के बाहर खड़ी कर गए। देर शाम तक भाई के न आने पर जब इन लोगों से बातचीत की गई तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इन्होंने कहा कि वह शराब पीकर कहीं पड़ा होगा या नोएडा चला गया होगा।
उसने भाइयों के साथ मिलकर प्रवेश की तलाश की लेकिन पता नहीं चला। 20 जून की सुबह सात बजे ग्रामीणों ने मक्का के खेत में बदबू आने की जानकारी दी। वह भाइयों के साथ पहुंचा और देखा तो प्रवेश का शव पड़ा था। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। (संवाद)
-
महिला की हत्या में चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संकिसा। नगर पंचायत संकिसा बसंतपुर के वार्ड शहीद नगर निवासी केदार पाल ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप लगाया कि 18 जून को प्रमोद ट्रैक्टर लेकर आया और उनकी सड़क पर पसरी मक्का पर चढ़ा दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मुकेश, राजू और संदेश भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी चमेली देवी को मुकेश ने छाती पर घूंसा मार दिया। वह गिर गईं। करीब 10 मिनट बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। (संवाद)