मोहम्मदाबाद। सोमवार सुबह निसाई में जमीन पर कब्जा करने से रोकने पर फायरिंग, प्रधान के पति, पुत्रों पर हमले की घटना में मुड़गांव के प्रधान रामनारायण, उसके पुत्र गोल्डी, गांव के ही मनीष, हितेश, धीरेंद्र उर्फ गुड्डा व 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बलवा, घातक हथियार, हत्या का प्रयास समेत चार धाराएं लगाई गई हैं।
निसाई की प्रधान गीता देवी ने प्राथमिकी में कहा कि राजस्व विभाग से जमीन सुपुर्दगी में मिलने के बाद उस पर मेड़बंदी कर पौधरोपण कर दिया था। पांच जुलाई को रामनारायण ने फिर मेड़ तोड़ दी थी। मना करने पर पुत्र अभय सिंह से मारपीट कर दी थी। इसकी तुरंत तहरीर थाने में दी गई थी। पर कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को पांचों नामजद और 25 अज्ञात ने पति सत्येंद्र सिंह पर लाठी डंडों, रॉड, ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। रामनारायण ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया।
देवर मनोज, पुत्र अमन प्रताप व अभय प्रताप, रतनपुर निवासी दोस्त राहुल और अनुराग पर रामनारायण व गोल्डी ने फायरिंग कर दी। देवर मनोज के सिर पर बम से हमला किया। मंगलवार को लोहिया अस्पताल में हालत बिगड़ने पर प्रधान के पुत्र अमन प्रताप व देवर मनोज कुमार को कानपुर रेफर किया गया है। दूसरे पुत्र अभय व दोस्त राहुल समेत अन्य का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की हैं। अब तक पांच लोग हिरासत में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
-
मुड़गांव में पसरा सन्नाटा, प्रधानों के घर पुलिस तैनात
मोहम्मदाबाद। सोमवार सुबह निसाई की प्रधान के पति और परिजन पर हमले की घटना के बाद पुलिस की धरपकड़ से मुड़गांव में सन्नाटा पसरा है। प्रधान के घर के बाहर पुलिस का पहरा है। घटना को अंजाम देने में शामिल अधिकांश लोग इसी गांव के हैं। नामजद और अज्ञात लोगों के घर भी युवक व पुरुष नहीं हैं। मुख्य आरोपियों के घर में महिलाएं भी नहीं हैं। निसाई के प्रधान के घर भी पुलिस बल तैनात है।
प्राथमिकी में गड़बड़ी
दर्ज की गई प्राथमिकी में शिकायतकर्ता का नाम रक्षपाल लिखा है पर नीचे लिखी इबारत में तहरीर देने वाले का नाम गीता देवी दर्ज है। इसको लेकर कई तरह की पुलिस महकमे में भी चर्चा रही।