मोहम्मदाबाद। क्षेत्र के पिपरगांव में निवासी बिजली मिस्त्री से 15 दिन पूर्व मारपीट के मामले में एसपी के आदेश पर बुधवार को कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पिपरगांव निवासी बिजली मिस्त्री अजय कुमार ने एसपी के आदेश पर दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा कि 29 को दोपहर करीब एक बजे गांव के ही पवन कुमार व अंकित सक्सेना ने उसे लाइट ठीक करने के लिए बुलाया। इस दौरान वह अपने घर पर खाना खाने चला गया। थोड़ी देर बाद जब वह उनके घर पहुंचा तो दोनों ने नाराज होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने बताया कि जब वह घटना के बाद कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने उसे सीएचसी भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।