फर्रुखाबाद। चुनाव जीत के बाद हुई फायरिंग और पथराव के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से एनसीआर दर्ज की है। पुलिस ने प्रधान के दो पुत्रों समेत चार लोगों का शांतिभंग में चालान कर चार बाइक कब्जे में कर ली हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली के गांव निनौआ निवासी बालकराम जाटव प्रधानी का चुनाव जीत गए थे। बालकराम और उनके पुत्रों समेत अन्य समर्थक हारे प्रत्याशी सतीशचंद्र जाटव के घर के बाहर हुटिंग कर बैंड बजाने लगे। दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया तो मारपीट होने लगी।
कहासुनी होने पर बालकराम और उनके पुत्रों ने पथराव कर फायरिंग कर दी। जिससे भगदड़ मच गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रधान बालकराम के पुत्र श्रीकांत, रिषीकांत, अनिल और दूसरे पक्ष के हारे प्रत्याशी के बेटे अवनीश को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से चार बाइकें कब्जे में लेकर सेंट्रल जेल चौकी पर भिजवा दिया।
बालकराम के बेटे श्रीकांत ने सतीशचंद्र, आदेश, मानसिंह, गयाप्रसाद और दूसरे पक्ष से अशोक ने प्रधान बालकराम, रिषीकांत, श्रीकांत, अनिल के खिलाफ मामले की एनसीआर दर्ज कराई। पुलिस ने पकड़े गए युवकों का शांतिभंग में चालान कर दिया। पुलिस ने पथराव में घायल अशोक, श्रीकांत, अनिल का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया।