स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए शहर के कई नर्सिंगहोमों पर अल्ट्रासाउंड मशीनों की जांच-पड़ताल कर अल्ट्रासाउंड कराने वाले रोगियों से मोबाइल फोन पर पूछताछ की। इससे नर्सिंगहोम मालिकों में अफरातफरी का माहौल है।
शुक्रवार को आवास विकास स्थित एचपी श्रीवास्तव के अस्पताल में एसीएमओ डा. राजपाल और सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर सिंह पटेल ने एक साथ पहुंचकर जांच-पड़ताल की। उन्होंने यहां आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। दोनों अधिकारियों ने केयर हॉस्पिटल पहुंचकर अल्ट्रासाउंड मशीन और वहां मौजूद फार्म की गहन जांच की। इसके बाद उन्होंने डा. आर. सिंह के अस्पताल में भी अल्ट्रासाउंड मशीनों की जांच कर कागजों का जायजा लिया।
अधिकारी अल्ट्रासाउंड मशीनों की जांच-पड़ताल में लगे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि भ्रूण हत्या रोकने के लिए अल्ट्रासाउंड मशीनों व उनके रिकार्ड की जांच-पड़ताल की जा रही है।