फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद की 16 थोक दुकानों की जांच की गई। अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर एक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। दो अन्य विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने जिला कृषि अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीमें गठित कर यह जांच कराई। जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि कमालगंज स्थित माहेश्वरी फर्टिलाइजर्स का लाइसेंस निलंबित किया गया। यहां रेटबोर्ड, स्टॉक बोर्ड और स्टॉक रजिस्टर अपूर्ण पाए गए थे। फौजी ट्रेडर्स को रेटबोर्ड और स्टॉक बोर्ड अद्यतन न होने पर नोटिस मिला। शहर के साईं खाद भंडार को भी नोटिस दिया गया। यहां स्टॉक रजिस्टर अपूर्ण था और ई-पॉस में मोबाइल नंबर दर्ज नहीं थे। टैगिंग या अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री के सत्यापन में भी दिक्कत आई थी।
उर्वरक की उपलब्धता
जिले में 29367 मीट्रिक टन यूरिया, 11894 मीट्रिक टन डीएपी और 7810 मीट्रिक टन पोटाश उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, 18852 मीट्रिक टन एनपीके और 12297 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट भी मौजूद है। मंगलवार को इफको डीएपी की 1325 मीट्रिक टन की एक रैक भी जिले में पहुंची है। किसानों को प्रति हेक्टेयर पांच बोरी डीएपी और सात बोरी यूरिया लेने की सलाह दी गई है। टैगिंग या अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री की शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर 05692-297733 जारी किया गया है।