कंपिल। मेड़ काटने का विरोध करने पर असरदारों ने युवक व उसके परिजनों को घर में घुसकर लाठी, डंडों व धारदार हथियार से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मारपीट की रिपोर्ट हत्या में तरमीम कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रक्तरंजित गड़ासा व लाठी-डंडे पुलिस ने बरामद किए हैं।
थाना क्षेत्र के गांव नाजिर नगला निवासी महेंद्र पाल यादव करीब 11 दिन पहले अपने खेत पर गए थे। उसी समय परिवार के ही सुग्रीव सिंह ने खेत की मेड़ काट दी। महेंद्र पाल ने घर आकर भाइयों को मामले की जानकारी दी। उलाहना देने पर सुग्रीव सिंह परिजनों के साथ घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। भाई के मना करने पर उन्होंने लाठी-डंडे फावड़े से हमला कर दिया। मारपीट में महेंद्र, रामरहीश व खेतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में खेतपाल की मौत हो गई थी।
पुलिस ने संतोष , बबलू , दुर्गेश ,नन्हे, सुग्रीव, लालाराम, नरवीर व सत्यपाल उर्फ कल्लू के खिलाफ दर्ज मारपीट का मुकदमा हत्या में तरमीम कर लिया। पुलिस ने शनिवार को संतोष व उसके पुत्र नन्हे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष विश्वनाथ आर्या ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।