रेलवे ट्रैक पर मिले आटो चालक के शव के मामले में पिता ने बहू के दो रिश्तेदारों पर बेटे की हत्या का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर दी है। एसओ ने घटना स्थल शहर कोतवाली का बताकर पीड़ित को वापस भेज दिया। सोमवार को परिजनों ने पुलिस लाइन गेट पर आटो चालक का शव रखकर प्रदर्शन किया था।
थाना क्षेत्र के गांव बराकेशव निवासी रावेंद्र शर्मा का 26 वर्षीय पुत्र सुनील शर्मा दिल्ली में आटो चलाता था। वह गुरुवार को गांव आया था। शुक्रवार को उसका पत्नी नीलम से विवाद हो गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसका शातिभंग में चालान कर दिया।
शनिवार की रात सुनील का शव शहर कोतवाली के क्रिश्चियन इंटर कालेज मैदान के पीछे रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। सोमवार को मृतक के पिता और भाइयों ने ग्रामीणों के साथ मिल कर पुलिस लाइन गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। जिस पर अधिकारियों ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया था।
मंगलवार को मृतक सुुनील के पिता रावेंद्र ने नवाबगंज थाने में बहू नीलम व उसके दो रिश्तेदारों के खिलाफ पुत्र की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाकर तहरीर दी। एसओ पूनम जादौन ने तहरीर पढ़ने के बाद पीड़ित पिता को बताया कि घटनास्थल शहर कोतवाली की चौकी आईटीआई क्षेत्र का है। रिपोर्ट भी वहीं पर दर्ज होगी। इस पर पिता तहरीर लेकर वापस चले गए।