फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय हाकी प्रतियोगिता में गुरुवार को बहराइच ने शाहजहांपुर को, मुरादाबाद की टीम ने इटावा और फतेहगढ़ की टीम ने कानपुर की टीम को पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। फतेहगढ़ की टीम ने कानपुर को नौ गोल से हराया।
राज्य स्तरीय हाकी प्रतियोगिता में गुरुवार को खेले गए पहले हाकी मैच में बहराइच इलेवन ने जीएफ कालेज शाहजहांपुर की टीम के एक गोल से पराजित किया। सुमित चौरसिया ने गोल किया। मैच का उद्घाटन वरिष्ठ पूर्व हाकी खिलाड़ी गयासुद्दीन आसी ने किया।
मुरादाबाद और इटावा की टीम के बीच में हुए कांटे की टक्कर में मुरादाबाद ने दो के मुकाबले चार गोलों से विजय हासिल की। एक अन्य मुकाबले में मेजबान फतेहगढ़ की टीम ने कानपुर को नौ गोल से हराया। मुरादाबाद के मोहम्मद इशाक अहमद, बहराइच के सुमित चौरसिया और फतेहगढ़ की टीम के मलकीत सिंह को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। निर्णायक की भूमिका कवि यादव, हिमांशु, मोहिद, इमरान खान ने निभाई। टेक्निकल स्कोरर कलीम अहमद सिद्दीकी एवं शाजिद अहमद ने भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के संयोजक कलाम आजाद सिद्दीकी एवं लक्ष्मण टंडन ने बताया कि फाइनल मैच 31 जनवरी को 12 बजे से खेला जाएगा। अपर जिला जज मोहम्मद मतीन खां, बलराम सिंह यादव, जावेद अहमद, इसरार अहमद, गयासुद्दीन आसी, आदि रहे।