कायमगंज। गर्मी के मौसम में रोजेदार पूरी शिद्दत से खुदा की इबादत में भूखे प्यासे जुटे हैं। पूरे दिन भूखे-प्यासे रहने से डिहाइड्रेशन व गलत खानपान से सेहत को खतरा हो सकता है। ऐसे में विशेषज्ञ रोजेदारों को पत्तेदार हरी सब्जियों के साथ सलाद व रसदार फलों का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। कुछ दिन से तापमान में उछाल आया है।तेज धूप रोजेदारों को परेशान कर रही है। इस समय करीब 13 घंटे 30 मिनट का रोजा हो रहा है।
-
सेहत का भी रखें ध्यान
कायमगंज सीएचसी के आयुष चिकित्सक डॉ. अमरेश कुमार बताते हैं कि रोजेदारों को सहरी व इफ्तार में पोषक आहार भरपूर मात्रा में लेना चाहिए। गर्मी में कमजोरी व थकान हो सकती है। तली, भुनी चीजों से परहेज करें, इससे पेट खराब होने की आशंका रहती है। सहरी के वक्त पत्तेदार सब्जियां, सलाद खाना चाहिए, जिससे शरीर में फाइबर बना रहे और अपच की समस्या न हो। कोल्डड्रिंक, तरल पकवान से परहेज रखें।ड्राई फ्रूट व फल ज्यादा लें, अंडा, रोटी, ओट्स, खजूर के साथ दूध ले सकते हैं। डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लस्सी, शरबत, खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा जैसे रसदार फल खाएं। रोजेदारों को अधिक मीठे फल, फैट और कार्बोहाइड्रेट वाले भोजन से परहेज करना चाहिए। रोजेदारों को कोई समस्या हो तो चिकित्सक से सलाह लें। डायबटीज के मरीज रोजे से परहेज रखें, यदि रोजा रखें तो अपने डॉक्टर से डाइट चार्ट बनवा लें।