संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद।
व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह से भेंट कर कहा कि सप्ताह में एक तरफ की दुकानें तीन दिन और दूसरी तरफ दो दिन ही खुल पाएंगी। ऐसे में किसी एक दिन दोनों तरफ की दुकानें खोलने की अनुमति दी जाए, ताकि व्यापारियों का नुकसान न हो।
उप्र उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) की जिला, नगर एवं युवा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण प्रकाश तिवारी उर्फ ददुआ के नेतृत्व में डीएम से मुलाकात की। कहा, शासन के नए फरमान से व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। लिहाजा किसी भी एक दिन दोनों तरफ की दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान की जाए। डीएम ने व्यापारी नेताओं की बात सुनकर आश्वस्त किया कि व्यापारी हित में निर्णय लिया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष संजीव मिश्रा उर्फ बॉबी, नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद इख़लाक़ खां, नगर महामंत्री राकेश कुमार सक्सेना, नगर युवा अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव, नगर उपाध्यक्ष आफताब अंसारी, युवा जिलाध्यक्ष विशाल दुबे, प्रमोद गुप्ता, आमिर खान, अमन खान, फरमूद अली, अनुराग मिश्रा, फतेहगढ़ अध्यक्ष उमेश चतुर्वेदी, महामंत्री मुन्नालाल आदि मौजूद रहे।
माह में आठ दिन दुकान खोलेंगे तो क्या कमाएंगे
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, पुन्नी शुक्ला, मनोज, प्रमोद जैन, अल्लादीन आदि ने डीएम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कहा कि एक तरफ के दुकानदार सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को प्रतिष्ठान खोलेंगे, जबकि दूसरी तरफ के मंगलवार और गुरुवार ही खोल पाएंगे। ऐसे में महीने में मात्र आठ दिन ही दुकानें खुलेंगी। ऐसे में व्यापारी क्या कमाएगा, घर कैसे चलेगा। उन्होंने व्यापारियों के हित में कोई ऐसा निर्णय लेने की मांग की, जिससे दुकानदारों की परेशानी दूर हो। डीएम ने व्यापारी नेताओं को समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिया।