फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिल्मी स्टाइल 'चेज': काल बनी रोडवेज बस ने बराती को रौंदा, साथियों ने 10KM पीछा कर बरसाए पत्थर, पांच गिरफ्तार

Fri, 17 Apr 2026 08:31 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद

सार

Farrukhabad News: रोडवेज बस की टक्कर से बराती के घायल होने पर आक्रोशित साथियों ने बस का पीछा कर तोड़फोड़ की। प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि बस में तोड़फोड़ करने पर पांच लोगों का चालान कर दिया। चालक व परिचालक से पूछताछ की जा रही है। परिवहन विभाग को घटना की जानकारी दी जा चुकी है। 
विज्ञापन
कमालगंज थाने के बाहर खड़ी रोडवेज व मौजूद बराती - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही रोडवेज बस की टक्कर से घायल बराती शहर के निजी अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद गुस्साए बरातियों ने कार से दस किलोमीटर पीछा कर रोडवेज पर ईंट पत्थर चलाए। बस को रोक कर उसमें तोड़फोड़ की। बरातियों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने चालक सहित सात को हिरासत में लिया।

विज्ञापन

यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया। घायल के पिता ने चालक पर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने पांच बरातियों को गिरफ्तार कर लिया।कासगंज जिला के पटियाली क्षेत्र के नगला आमेर निवासी वीरपाल सिंह के पुत्र सचिन कुमार की बरात बृहस्पतिवार की रात क्षेत्र के गांव खुदागंज पहुंची। सरकारी स्कूल के पास बरात चढ़ाने की तैयारी चल रही थी। 

कार को ओवरटेक करते समय मार दी टक्कर
रात करीब 10:15 बजे बराती रजनेश, शिवम व आशीष (20) राज्य मार्ग पर पैदल गेस्ट हाउस से बरात स्थल की ओर जा रहा था। इसी दौरान कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही लीडर रोड डिपो की रोडवेज बस ने आगे चल रही कार को ओवरटेक करते समय आशीष को टक्कर मार दी। हादसे में आशीष घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

थाने के बाहर मौजूद बराती - फोटो : amar ujala
बरातियों ने बस को रोककर की तोड़फोड़
उधर, घटना के बाद बरातियों ने कार से बस का पीछा करना शुरू कर दिया। कार सवार बरातियों ने ओवरटेक कर बस को रोकने का प्रयास किया। कस्बा के रेलवे स्टेशन तिराहे पर बरातियों ने बस को रोक कर उसमें तोड़फोड़ की। ईंट-पत्थर भी चलने से बस के शीशा क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद चालक ने थाने के सामने रोडवेज बस रोकी और दौड़ते हुए अंदर पहुंच गया। 

पांच बरातियों व चालक-परिचालक को हिरासत में लिया
बरातियों की भीड़ ने बस को चारों तरफ से घेर लिया और हंगामा करने लगे। प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुए। बराती पुलिस से अभद्रता करने लगे। इस पर पुलिस ने पांच बरातियों व रोडवेज के चालक, परिचालक को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अमरपाल सिंह ने थाने पहुंच मामले की जांच की। 
विज्ञापन

शांतिभंग में कर दिया चालान
यात्रियों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने देर रात दूसरी रोडवेज से उन्हें फर्रुखाबाद बस स्टैंड के लिए भेज दिया। शुक्रवार को घायल आशीष के पिता अमरपाल ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। घायल आशीष की हालत गंभीर है। पुलिस ने पकड़े गए पटियाली के नगला मीर निवासी दिलीप, रमन, शिवम, सीतापुर जिला के मिसरिक के कृष्णा मिश्रा व जिले के राजेपुर क्षेत्र के इमादपुर के वीरेश का शांतिभंग में चालान कर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें