फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्रूखाबाद पंचायत चुनाव: बदन झुलसाती गर्मी में करना पड़ा मतदान सामग्री का इंतजार, दिखा मेले सा नजारा

Wed, 28 Apr 2021 07:52 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फर्रूखाबाद
विज्ञापन
फर्रूखाबाद पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फर्रूखाबाद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए चौथे चरण का मतदान गुरुवार को होना है। इसके लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। आरपी डिग्री कॉलेज में सुबह आठ बजे से ही मतदान कर्मी सामग्री लेने पहुंच गए थे। भीषण गर्मी में मतपत्रों के इंतजार में लोकसेवक बेचैन हो गए।
विज्ञापन


दोपहर बाद तीन बजे से पूरी मतदान सामग्री का वितरण शुरू हो पाया। जिले के सबसे बड़े विकास खंड के 378 बूथों पर मतदान कराने के लिए 1890 कर्मचारी लगाए गए हैं। ये सभी सुबह आठ बजे से मतदान सामग्री प्राप्त करने व मतदान केंद्र के लिए रवाना होने के लिए आरपी डिग्री कालेज पहुंचने लगे थे।

उनके साथ परिजन भी थे। तीन न्याय पंचायतों को छोड़कर अन्य की पोलिंग पार्टियों को प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के मतपत्र तो मिल गए लेकिन जिला पंचायत व बीडीसी के मतपत्र नहीं मिले। इधर आसमान से आग बरस रही थी। ऐसे में बच्चों के साथ आईं महिला कर्मी उनको बार-बार पानी पिला रहीं थीं।
विज्ञापन


खुद भी गला तर कर रहीं थीं। किसी के सिर में दर्द हुआ, थकान बढ़ी तो घुटनों पर सिर रखकर आंख बंद कर ली। कोई घर से लाए हाथ के पंखे से अपने ऊपर हवा कर रहा था तो किसी ने फाइल कवर से हवा करनी शुरू कर दी। दोपहर 1.30 बजे के बाद बीडीसी के मतपत्रों के बंडल पहुंचे। करीब तीन बजे से वितरण शुरू हुआ।

तीन एआरओ के संक्रमित होने से बंडलिंग में देरी
जरारी न्याय पंचायत के एआरओ उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी, लौआनगला मानपट्टी के एआरओ जिला क्रीड़ा अधिकारी कोरोना संक्रमित हैं। बुधवार सुबह कंझाना न्याय पंचायत के एआरओ अवर अभियंता नलकूप खंड का निर्वाचन अधिकारी के पास संदेश आया कि वह भी संक्रमित हो गए हैं।

इन तीन न्याय पंचायतों की 18 ग्राम पंचायतों के मतपत्रों की बंडलिंग का कार्य ब्लॉक कर्मचारियों से कराया गया। इससे इन ग्राम पंचायतों की पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री मिलने में और भी देर हुई। प्रधान व सदस्य पद के आरओ डीआईओएस डॉ. आदर्श त्रिपाठी ने बताया कि कुछ पदों के मतपत्र कुछ विलंब से मिल पाए। जो तीन एआरओ संक्रमित हो गए हैं मतगणना से पूर्व उनके स्थान पर नए एआरओ आ जाएंगे। बंडलिंग का काम अन्य कर्मचारियों से करा दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें