सदर तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में फरियाद करने पहुंचे भाई व बहनें। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। साहब, माता-पिता की चार साल पहले मौत हो चुकी है। हम चारों कमाने के लायक भी नहीं हैं। जैसे-तैसे रोटी चल रही है। अब बिजली का बिल 75 हजार रुपये आ गया। समझ नहीं आ रहा क्या करूं। एसडीओ ने बच्चों की बात सुनी और फिर बाजार से मोबाइल फोन मंगवाकर उन्हें दिया। कहा कि कोई दिक्कत हो तो तुरंत बताना। समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
शहर के मोहल्ला हाता करम खां निवासी सुुभाष सक्सेना और उनकी पत्नी सपना की चार साल पहले मौत हो गई। घर में बेटी रानी, खुशी, चिराग और सत्या ही रह गए हैं। बड़ी बेटी 15 और सबसे छोटी बेटी आठ साल की है। 15 दिन पहले 75 हजार रुपये बिजली का बिल पहुंचा।
विभाग के कर्मी बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने की धमकी दे गए। चारों बच्चे सदर तहसील में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। एसडीएम संजय कुमार सिंह के सामने बच्चों ने अपना दुखड़ा सुनाया। एसडीएम ने विद्युत निगम के एसडीओ शरद प्रताप से समाधान के लिए कहा। एसडीओ ने बच्चों की पूरी बात सुनी।
एसडीओ ने कहा कि यदि कोई कनेक्शन काटने आए, तो वह फोन पर सूचना दें। मगर बच्चों के पास फोन नहीं था। इस पर उन्होंने बाजार से फोन मंगवाकर बच्चों को दिया। कहा कि कोई दिक्कत हो, तुरंत फोन करके बताएं।
एसडीओ ने बताया कि बच्चों को जो भी सहूलियत हो सकती है कराएंगे। समाधान दिवस में कुल 81 शिकायतें आईं। इनमें से 26 का निस्तारण किया गया। इस मौके पर तहसील और ब्लाक के अधिकारी मौजूद रहे। अमृतपुर तहसील में एसडीएम पद्म सिंह, बीडीओ अशोक कुमार दुबे ने शिकायतें सुनीं।