पीडब्लूडी के निरीक्षण भवन में बटन दवाकर लोकार्पण करते लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने शुक्रवार को जिले के लोगों को दो बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे से जिले को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे और महमदगंज मड़ैयन घाट पर पुल का निर्माण कराने की घोषणा की।
कानपुर मंडल के प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने पीडब्ल्यूडी गेस्टहाउस में कहा कि जिले की जनता की भाजपा से भावनाएं जुड़ी हैं। इसीलिए भाजपा की झोली में चारों विधायक डाल दिए। उनका जिले से मजबूत रिश्ता है। सांसद से लेकर चारों विधायक भाजपा के होने से उनके लिए यह जनपद खास है। कहा कि जनता की मांग पर जिले को गंगा एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जाएगा।
इसके अलावा, जिले को हरदोई से जोड़ने के लिए कमालगंज क्षेत्र में गंगा के महमदगंज मड़ैयन घाट पर पुल भी बनेगा। कहा कि विकास यहीं तक सीमित नहीं है, जिले में सड़कों का जाल बिछेगा।
सांसद मुकेश राजपूत के कहने पर मंत्री ने सड़कों की दशा सुधारने के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। कहा कि मुख्यमंत्री ने चुनाव के दौरान जो वचन दिया था, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कों मोहम्मदाबाद-संकिसा मार्ग व चांदपुर भगौरा-उखरा संपर्क मार्ग का बटन दबाकर लोकार्पण किया।