आवास विकास स्थित दालमोठ की दुकान। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर अब फर्रुखाबादी नमकीन बेची जाएगी। यह व्यवस्था स्थानीय हस्तशिल्पियों और कारीगरों के उत्साहवर्धन के लिए की गई है। पूर्वोत्तर रेलवे ने 15 स्टेशनों का चयन कर अलग-अलग उत्पाद बिकवाने का फैसला किया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ ने पत्र में कहा कि स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, कुम्हारों, बुनकरों एवं जन-जातियों के बेहतर जीविकोपार्जन एवं कल्याण के लिए एक स्टेशन-एक उत्पाद योजना लागू की है। रेलवे स्टेशनों के प्लेटफार्म पर लोकल उत्पादों के स्टाल लगाकर बिक्री की जाएगी। इसके लिए निर्धारित स्थान पर स्टाल लगवाए जाएंगे। फर्रुखाबाद स्टेशन पर नमकीन का स्टाल लगेगा।
काठगोदाम में कौसानी शॉल, कन्नौज में इत्र, बरेली सिटी में सुरमा, इज्जतनगर में जरदोजी के कपड़े, काशीपुर व रामनगर में बाल मिठाई, मथुरा छावनी में पेड़ा व दुग्ध उत्पाद, हाथरस सिटी में हींग, घटपुरी में गुझिया एवं दुग्ध उत्पाद, खटीमा और पीलीभीत में बांसुरी व बेत का सामान, बिजौरिया में गुड़ व गन्ने के बने उत्पाद, पंतनगर में पौधों के बीज एवं सोया उत्पाद तथा बदायूं में पेड़े का स्टाल लगेगा। चयनित स्टेशनों पर स्थानीय उत्पाद बिकने के इनकी दूरदराज तक पहचान बनेगी। इससे रोजगार के रास्ते खुलेंगे।