लॉकडाउन का उल्लघंन करने पर आवास विकास तिराहा के पास बाइक चालक युवकों से पुलिस ने लगवाई उठक बैठक।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। लॉकडाउन का पालन कराने को पुलिस ने शुक्रवार सख्ती दिखाई। सुबह आठ बजे बाजारों में भीड़ भाड़ होने पर पुलिस ने भ्रमण किया। डंडा दिखाकर दुकानों को बंद कराया और ठेली वालों को खदेड़ दिया। ठेली वाले गलियों में घुस गए और वहां से घर चले गए। बाइकों से घूमने वाले लोगों को पकड़कर उठक बैठक लगवाई। कई लोगों की बाइकों के चालान काट दिए। शहर व ग्रामीण इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।
लॉकडाउन होने के बाद भी सुबह के समय आवश्यक वस्तुओं की खरीद के बहाने लोग सड़कों पर निकल आते और इधर-उधर घूमते हैं। अधिकांश लोग मास्क का भी इस्तेमाल नहीं करते हैं। इससे शुक्रवार को फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद शहर के मुख्य मार्ग पर भीड़भाड़ होने पर पुलिस ने आठ बजे सख्ती शुरू कर दी। पुलिस ने भ्रमण कर डंडा दिखाकर दुकानों को बंद कराया। सब्जी वालों को खदेड़ दिया। इससे सब्जी वाले ठेली लेकर भागे और गलियों में घुस गए। उन्होंने सब्जी गलियों में बेची। आवास विकास तिराहा, लाल दरवाजा के पास बगैर किसी कारण बाइक से घूम रहे युवकों को पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ के बाद उनसे उठक बैठक लगवाई। मऊदरवाजा थाना पुलिस ने बाइक सवारों को पकड़ कर बाइकों का चालान कर दिया। पुलिस की सख्ती देखकर शहर व फतेहगढ़ नगर में सड़कों पर सन्नाटा गया। फतेहगढ़ के मोहल्ला कर्नलगंज में पुलिस ने ड्रोन कैमरा से निगरानी की।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार, पुलिस ने बाजार में डंडा दिखाकर दुकानों को बंद कराया और ड्रोन कैमरों से निगरानी की। गलियों में बैठे लोगों में ड्रोन कैमरा देखते ही भगदड़ मच गई। शमसाबाद प्रतिनिधि ने अनुसार पुलिस ने बाजार में भीड़ होने पर सभी को खदेड़ दिया और दुकानों को बंद कराया। गांव चिलसरा में ड्रोन कैमरा से निगरानी की गई। ड्रोन कैमरा उड़ने पर उसको देखने के लिए गांव की महिलाएं व बच्चे अपनी-अपनी छतों पर पहुंच गए। पुलिस ने घर से बाहर न निकलने की चेतावनी दी।