कायमगंज के बजरिया मोहल्ले में पुलिसकर्मियों पर फूल बरसाते लोग।
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। कोरोना वायरस की जंग में लॉकडाउन के दौरान लगातार ड्यूटी कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने वाली पुलिस टीम पर शुक्रवार को नगर में छतों से फूल बरसाए गए। रूट मार्च के दौरान पुलिस की टीम पर कई जगह लोगों ने फूल बरसाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कोरोना वायरस की जंग में देश भर में लॉकडाउन है। लोगों को घरों में सुरक्षित रखने के लिए खुद पुलिस कर्मी जान जोखिम में डालकर 24 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं। इतना ही नहीं पुलिस एक काल पर जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करा रही है। ऐसे में लोगों ने भी फूलों की बारिश कर उनकी हौसला अफजाई की। शुक्रवार सुबह इंस्पेक्टर विनय राय व चौकी प्रभारी दिनेश भारती, कुआं खेड़ा चौकी प्रभारी अंकुश राघव फोर्स के साथ नगर में रूट मार्च के लिए निकले तो पृथ्वी दरवाजा व लोहाई बाजार, बजरिया मार्केट में लोगों ने छतों से फूलों की बारिश कर दी। कहीं-कहीं लोगों ने बाहर निकलकर उनकी बहादुरी को सलाम किया तो इंस्पेक्टर ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया।