मोहम्मदाबाद। फसल की रखवाली करने गए किसान का शव रविवार सुबह पेड़ से फंदे से लटका मिला। परिजनों ने न तो किसी पर कोई आरोप लगाया और न आत्महत्या की वजह स्पष्ट कर सके।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बाग निवासी सत्यराम (55) खेती करते थे। सत्यराम शनिवार रात करीब आठ बजे घर से खाना खाने के बाद फसल की रखवाली करने निकल गए थे। रविवार सुबह गांव के लोगों ने सत्यराम का शव पेड़ से लटका देखा। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सत्यराम के परिजनों को दी। पुत्र उमेश, बिजेंद्र, रजनेेश, पत्नी सुशीला देवी मौके पर पहुंचीं।
पुत्र उमेश की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से घटना का कारण पूछा। पर परिजन फांसी लगाने की वजह स्पष्ट नहीं कर सके। पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में सत्यराम की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई है।