पति की हुई मौत तो पत्नी ने भी खाया जहर
क्रासर
हादसे में हुई थी किसान की मौत, शुक्रवार को आनी थी बहन की बरात
हादसे के बाद मंदिर में कराई गईं विवाह की रस्में
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतपुर। किसान पति की दुर्घटना में मौत की सूचना पर पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसको नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। किसान की बहन की शुक्रवार को बारात आनी थी। परिजनों ने गुरुवार शाम मंदिर में बहन की शादी करवा दी। घर में शादी की खुशियों की जगह कोहराम मचा रहा।
राजेपुर थानाक्षेत्र के गांव गुड़ेरा निवासी चंद्रशेखर (35 )खेती करते थे। वह बुधवार शाम साले राजेश की बरात में हरदोई के थाना अतरौली के गांव गोड़वा गए थे। गुरुवार दोपहर वह भतीजे उत्कर्ष व राजू के साथ बोलेरो से वापस घर आ रहे थे। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग स्थित गांव असिगांव के सामने बोलेरो टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। चंद्रशेेखर की मौके पर ही मौत हो गई। भतीजा उत्कर्ष व राजू घायल हो गए।
चंद्रशेखर की मौत की सूचना मिलने पर पत्नी बेबी ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उनको नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वहां उपचार के बाद हालत में सुधार है। चंद्रशेखर की बहन पूजा की शुक्रवार को अमृतपुर से बरात आनी थी। इसकी सारी तैयारियां हो गई थीं, पर भाई की मौत होने से परिवार के कुछ लोग पूजा को अमृतपुर ले गए, वहां एक मंदिर में उसकी शादी करवा दी। शुक्रवार को चंद्रशेखर का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख पुकार मच गई। चंद्रशेखर के छह वर्ष की बेटी एंजल है। परिजनों ने चंद्रशेखर का पांचाल घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।