कायमगंज। शुक्रवार शाम से लापता ट्रैक्टर चालक का शव सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
कंपिल क्षेत्र के गांव हजरतगंज निवासी रामऔतार व उनका पुत्र धीरेंद्र कंपिल रोड स्थित टीचर्स कालोनी में रहते हैं। पिता स्कूल बस चलाते हैं। धीरेंद्र ट्रैक्टर चलाता था। शुक्रवार शाम वह घर से सब्जी लेने के लिए निकला और वापस नहीं आया। परिजन उसे तलाश करते रहे, मगर कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह सात बजे कायमगंज से फर्रुखाबाद की ओर जाने वाली ट्रेन निकली तब वहां ट्रैक किनारे लोगों ने शव पड़ा देखा।
स्टेशन मास्टर ने कोतवाली में मेमो भेजकर सूचना दी। इस पर वहां पहुंची पुलिस के तलाशी लेने पर उसकी जेब से पर्स, कागज व मोबाइल मिला। पुलिस ने उसके पास मिले नंबर पर कॉल कर पिता को सूचना दी। इस पर परिजन पहुंच गए। युवक के सिर व कान पर चोटें थीं।
इससे आशंका जताई गई कि युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। धीरेंद्र की पत्नी सीमा व मां रेशमा देवी भी वहां पहुंच गईं। उसके दो बेटियां दीक्षा (5) व दिव्यांशी (2) हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।