फर्रुखाबाद। पिछले कुछ वर्ष में जनपद में 100 राजकीय नलकूप पूरी तरह फेल हो गए हैं। गुरुवार को इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। अब विभाग के रिकार्ड में 307 नलकूपों में से 295 ही चालू हैं। जबकि 12 नलकूप यांत्रिक व विद्युत दोष से बंद हैं।
जनपद में राजकीय नलकूपों की दशा भले ही दयनीय है, लेकिन विभागीय रिकार्ड दुरुस्त रखने में कोई कसर नहीं रहती है। गत माह तक रिकार्ड में 315 नलकूप चालू हालत में थे। जबकि हकीकत में ब्लाक मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, कायमगंज में दर्जनों नलकूप ऐसे हैं, जिनमें किसी की नाली क्षतिग्रस्त है तो किसी का हौज टूटा है। इससे खेतों तक पानी ही नहीं पहुंच पाता है।
कोई नलकूप मोटर की खराबी से बंद है, तो किसी में विद्युत दोष है। फिलहाल फाइलों में यह सभी नलकूप चालू दिखाए जा रहे हैं। प्रमुख अभियंता ने जिले में चालू नलकूपों की विभाग से रिपोर्ट मांगी है। अधिशासी अभियंता अनिल सिंह ने बताया कि जनपद में पिछले कुछ वर्षों से 100 नलकूप फेल हैं। बचे 307 नलकूपों में 295 चालू हैं। जबकि 12 विद्युत व यांत्रिक दोष से बंद हैं।
उन्हें ठीक कर चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। शासन के निर्देश पर इसकी रिपोर्ट लखनऊ मुख्यालय भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि जो नलकूप फेल हैं, उन्हीं नलकूपों में से कुछ का चयन कर रिबोर कराने की शासन से स्वीकृति मिलती है।