फर्रुखाबाद। इटावा से आए क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) को निरीक्षण के वक्त एक परिचालक खुले में पेशाब करते दिखा। उन्होंने उसकी मशीन लेकर 200 रुपये जुर्माना वसूल किया। परिचालक काफी देर गिड़गिड़ाता रहा। आरएम को बस स्टैंड पर गंदगी मिली। जनरेटर भी चलता नहीं मिला। इस पर नाराजगी व्यक्त की।
आरएम ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल गुरुवार शाम करीब पांच बजे रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण करने पहुंचे। वह परिसर में गंदगी को लेकर स्टेशन प्रभारी जीपी पाठक से नाराजगी जता रहे थे। उसी वक्त एक परिचालक खुले में पेशाब करते दिखा।
आरएम ने अधीनस्थों से उसे तलब किया और टिकट मशीन कब्जे में ले ली। आरएम ने शाहजहांपुर डिपो के परिचालक शेखर कंचन पर 200 रुपये जुर्माना लगा दिया। वह काफी देर गिड़गिड़ाता रहा, मगर मशीन में ऑनलाइन एंट्री भी कर दी गई। परिचालक ड्रेस के स्थान पर टी-शर्ट और पैरों में चप्पल पहने था। इस पर भी नाराजगी व्यक्त कर उसे हड़काया।
आरएम को परिसर में काफी गंदगी दिखाई दी। इस पर स्टेशन प्रभारी से नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि 21 पंखे और कुछ रॉड खराब हैं। उन्हें शीघ्र ही सही कराया जाएगा। आरएम ने बताया कि शीघ्र ही बसों की व्यवस्था भी दुरुस्त कर दी जाएगी। कायाकल्प के तहत एक माह में सभी कुछ बदला सा दिखेगा। इससे पूर्व आरएम ने कायमगंज बस स्टैंड का निरीक्षण भी किया। एआरएम आरसी यादव भी मौजूद रहे।