मोहल्ला नगला नैन में हैंडपंप पर पानी भरने को लगी लाइन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला भोलेपुर, आंबेडकर कॉलोनी व नगला नैन में चार दिनों से पानी का संकट है। मोहल्लों में करीब 400 घरों में जलापूर्ति ठप है। पानी की समस्या की मुख्य वजह निर्माणाधीन ओवर ब्रिज की वजह से पाइपलाइन कटना तथा बिजली संकट बताया जा रहा है। जिम्मेदार नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। इससे जनता परेशान है।
तीनों मोहल्लों में पानी की आपूर्ति लकूला पानी की टंकी से की जाती है। चार दिन से बिजली की समस्या से दिक्कत खड़ी हो गई। इसी बीच शुक्रवार शाम डिफेंस कॉलोनी स्थित नलकूप पर रखा ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। इससे टंकी में पानी नहीं भरा जा सका। एक नलकूप से ही चंद देर ही पानी की आपूर्ति की जाती है। इससे आसपास के कुछ क्षेत्रों में ही जलापूर्ति देने की खानापूरी की जाती है।
फतेहगढ़ जोन प्रभारी ब्रजभूषण सिंह ने बताया कि नरेंद्र सरीन स्कूल के पास स्थित नलकूप की मोटर बिजली की ट्रिपिंग की वजह से शुक्रवार रात को फुंक गई है। इससे इस नलकूप से जुड़े मोहल्लों में केवल शाम को जलापूर्ति की जाएगी। सुबह की जलापूर्ति नलकूप ठीक होने के बाद ही मिल पाएगी।
‘ओवरब्रिज बन रहा है। इससे पानी की पाइपलाइन कट गई। सेतु निगम ने जल निगम को पैसा भी ट्रांसफर कर दिया मगर अभी काम नहीं हो सका है। शीघ्र ही मरम्मत कराने की कोशिश करेंगे।’
-सुरेंद्र सिंह, सभासद
‘कुछ दिन से बिजली की समस्या है। शुक्रवार रात में एक ट्रांसफार्मर फुंक गया। उसे शनिवार को रखवा दिया है। अब कुछ पानी की आपूर्ति सुधर जाएगी। पाइपलाइन कटने से जिन मोहल्लों में पानी की दिक्कत हुई वहां बेवर रोड नलकूप से आपूर्ति दी जा रही है। शीघ्र ही समस्या खत्म हो जाएगी।’
-नीरज वर्मा, जोन प्रभारी, आवास विकास लकूला।